छह उम्मीदवारों के बीच रोमांचक थ्रिलर से कम नहीं रहा चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। विकास खंड नाहन की ग्राम पंचायत बनेठी में प्रधान पद का चुनावी रण किसी रोमांचक थ्रिलर से कम नहीं रहा। दूसरे चरण की वोटिंग के बाद जब तक आखिरी वोट की गिनती नहीं हुई, तब तक सांसें अटकी रहीं। अंतत:, प्रेमपाल ठाकुर ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए 433 वोट हासिल कर जीत का शानदार डंका बजा दिया।
बनेठी पंचायत में इस बार प्रधान पद के लिए चुनावी बिसात बहुत पेचीदा थी। प्रधान पद की कुर्सी के लिए एक-दो नहीं, बल्कि 6 उम्मीदवार मैदान में ताल ठोक रहे थे। प्रत्याशियों की इतनी लंबी फेहरिस्त ने न केवल मतदाताओं को उलझाया, बल्कि खुद उम्मीदवार भी अंत तक अपनी जीत को लेकर असमंजस में नजर आए।
हर किसी को लग रहा था कि वोट बंटने के कारण बाजी किसी के भी हाथ लग सकती है। मतगणना केंद्र के बाहर समर्थकों की धड़कनें बढ़ी हुई थीं और सस्पेंस फिल्म की तरह पल-पल माहौल बदल रहा था। जैसे ही चुनावी पिटारा खुला, प्रेमपाल ठाकुर की बढ़त ने सबको चौंका दिया। प्रधान पद का मुकाबला कितना कड़ा था इसका अंदाजा उम्मीदवारों को मिले वोट से लगा सकते हैं। इस चुनाव में प्रेमपाल ठाकुर ने 433 मत हासिल कर जीत अपने नाम की। जोगिंद्र सिंह 361 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा तरुण ठाकुर को 289, रविंद्र सिंह को 248, पुरुषोत्तम को 92 और चंदन चौहान को 19 मत हासिल हुए।
परिणाम घोषित होते ही प्रेमपाल के खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। इस जीत ने साफ कर दिया है कि 6 प्रत्याशियों की भीड़ के बावजूद जनता ने प्रेमपाल के चेहरे पर भरोसा जताया है। खास बात यह रही कि पहली बार लादू क्षेत्र से कोई प्रधान बना है।
बाक्स
रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर उपप्रधान बने संजीव कुमार
बनेठी पंचायत में उपप्रधान पद के लिए दो उम्मीदवारों के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई। इसमें संजीव कुमार ने रिकॉर्ड मतों से प्रतिद्वंद्वी को हराकर सबको चौंका दिया। संजीव कुमार को इस चुनाव में 1022 मत मिले, जबकि योगराज को महज 409 मत हासिल हुए। संजीव कुमार ने रिकॉर्ड 613 मतों से बड़ी जीत दर्ज करके उपप्रधानी अपने नाम की। रिकॉर्ड मतों से जीत करने पर समर्थकों ने संजीव कुमार का फूलों के हार पहनाकर स्वागत किया और खुशी के मद में चूर होकर जुलूस निकाला।
संवाद