गर्मियों के मौसम में कुछ पेयजल योजनाओं का जलस्तर हो जाता है कम : जेएस ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। जल शक्ति विभाग इन दिनों पेयजल की बर्बादी रोकने के लिए लोगों को जागरूक कर रहा है। शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की बूंद-बूंद बचाने के लिए कहा जा रहा है।
बता दें कि गर्मी के सीजन में अक्सर कई योजनाओं का जलस्तर कम हो जाता है। लोग पेयजल किल्लत से जूझते हैं। ऐसे में जल शक्ति विभाग की ओर से पेयजल बचाएं, सही इस्तेमाल में लाएं, खुले में पेयजल बर्बादी रोकने का आह्वान किया जा रहा है। कर्मचारी व अधिकारी जगह-जगह पहुंचकर लोगों को पेयजल बर्बादी रोकने को लेकर जागरूक कर रहे हैं।
जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता जितेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि लोगों को पेयजल बर्बादी रोकने के प्रति जागरूक करने के मकसद से कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। शहरों समेत ग्रामीण इलाकों में अक्सर देखा जाता है कि लोग वाहन धोने, सिंचाई समेत पेयजल की बर्बादी करते हैं। गर्मी के सीजन में पेयजल स्रोतों में जलस्तर घटने के बाद कई क्षेत्रों में पेयजल संकट गहराता है। ऐसे में लोगों को पेयजल की महत्ता बताने के साथ-साथ पेयजल की बर्बादी न करने के बारे में जागरूक किया जा रहा है।