सिरमौर पुलिस ने बैकवर्ड लिंकेज खंगाल कर उत्तराखंड से किया था गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। अदालत ने उत्तराखंड निवासी नशा तस्कर को 14 दिन के लिए जेल में रखने के आदेश दिए हैं। नाहन पुलिस थाना में दर्ज मादक पदार्थ अधिनियम के एक मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने उत्तराखंड से मुख्य सप्लायर मोहम्मद मुस्तफा उर्फ शोयब को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश दिए थे। अब पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद अदालत ने उसे 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में रखने के आदेश देकर आदर्श केंद्रीय कारागार नाहन भेज दिया है।
बता दें कि 3 अप्रैल 2026 को नाहन की एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापामारी कर एक व्यक्ति से प्रतिबंधित नशीली दवाओं की खेप बरामद की थी। आरोपी साबिर अहमद के खिलाफ पुलिस थाना नाहन में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी साबिर अहमद से पूछताछ और मोबाइल फोन के डिजिटल साक्ष्यों की जांच के बाद पुलिस को नशे के इस काले कारोबार के बैकवर्ड लिंकेज (नशा कहां से आ रहा है) के पुख्ता सबूत मिले थे। जांच में सामने आया था कि नाहन में सप्लाई की जा रही नशीली दवाइयां उत्तराखंड के विकास नगर क्षेत्र से लाई जा रही हैं। इसके बाद पुलिस की टीम ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए उत्तराखंड के जिला देहरादून में दबिश देकर मोहम्मद मुस्तफा उर्फ शोयब को गिरफ्तार किया था। एसपी एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। अदालत ने आरोपी को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में रखने के आदेश देकर जेल भेज दिया है।