पांवटा साहिब (सिरमौर)। कहते हैं कि समाज सेवा का जज्बा दिल में हो तो इंसान किसी भी परिस्थितियों में समाज सेवा कर सकता है। समाजसेवा से जरूरतमंद लोगों की ही सहायता नहीं होती बल्कि खुद को भी बेहद सुख मिलता है।
ऐसा ही कुछ कर रहे हैं माजरा क्षेत्र के समाजसेवी अनुराग गुप्ता। अनुराग गुप्ता ने जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए ‘मेरा गांव, मेरा देश..’, एक सहारा संस्था माजरा.., बनाई। इसमें समाजसेवी लोगों को जोड़ा। अब इस संस्था के माध्यम से स्लम क्षेत्र और आसपास के जरूरतमंद 40 बच्चों को निशुल्क ट्यूशन दी जा रही है।
यही नहीं इस संस्था ने खुशियों का बैंक भी ईजाद किया है। इस बैंक के माध्यम से भी मानव सेवा जारी है। मानव सेवा के इन कार्यों के लिए अनुराग गुप्ता को राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर भी दो बार सम्मानित किया जा चुका है।
अनुराग गुप्ता ने एक साल पहले यह संस्था बनाई। एक साल में ही इस संस्था ने समाजसेवा के नये आयाम स्थापित किए हैं। स्लम क्षेत्र सहित दूसरे जरूरतमंद बच्चों को निशुल्क ट्यूशन देनी शुरू की।
संस्था ने खुशियों का बैंक भी खड़ा किया। इसके जरिये लोगों से पुराने वस्त्र, खिलौने, बर्तन और दूसरी सामग्री एकत्रित की। खुशियों के बैंक के माध्यम से इस सामग्री को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। नगर खेड़ा मंदिर धर्मशाला के नीचे कमरे में खुशियों के बैंक में प्रतिदिन शाम चार से छह बजे तक संस्था से जुड़े शिक्षित और जागरूक युवा सेवा दे रहे हैं।
इसमें खुद अनुराग गुप्ता, पुष्पा खंडूजा, नीरज बंसल, अमित तिवारी और दीपा शामिल हैं। जरूरतमंद बच्चों को लोगों के सहयोग से कॉपी, पेंसिल, रबड़, रंग आदि भी उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
-----बाक्स
इंटरनेशनल आइकॉन अवार्ड से हो चुके सम्मानित
समाजसेवी और अधिवक्ता अनुराग गुप्ता को इंटरनेशनल आइकॉन अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। मोस्ट प्रॉमिसिंग सोशल वर्कर और रिसर्च स्कॉलर का अवार्ड उनको शोध कार्य और समाजसेवा करने पर इसी वर्ष 29 अप्रैल को मिला था। मुख्यातिथि मिस यूनिवर्स 2000 और बॉलीवुड अभिनेत्री लारा दत्ता थी। इससे पूर्व अनुराग गुप्ता को बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के द्वारा भी एशिया पेसिफिक एक्सीलेंस अवार्ड से नवाज चुकी हैं।
(उम्मीद की मशाल) अनुराग गुप्ता।- फोटो : NAHAN