संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय ददाहू में आपदा प्रबंधन क्लब के सौजन्य से कांगड़ा में आए भूकंप की 121वीं वर्षगांठ पर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना रहा।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अंजना ने प्रथम, साक्षी ने द्वितीय और अंजलि ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं नारा लेखन प्रतियोगिता में अंजना पहले, बबीता दूसरे और साक्षी तीसरे स्थान पर रहीं। क्लब के नोडल अधिकारी प्रो. दिनेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों से कांगड़ा भूकंप के कारणों, प्रभावों और बचाव के उपायों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। इसके अलावा विद्यार्थियों ने भूकंप से जुड़े जागरूकता नारे भी लिखे।
प्राचार्य डॉ. पवन कुमार ने विजेताओं को बधाई देते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक गतिविधियों और ऐसी प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।