वाहन की टंकी फुल करवाने पर दिया जा रहा नि:शुल्क ‘अमर उजाला’ अखबार
प्रदीप सहोत्रा ने भ्रामक सूचनाओं से निजात दिलाने को पेट्रोल पंप पर शुरू की मुहिम
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। नाहन क्षेत्र के दो पेट्रोल पंपों पर वाहन की टंकी, पेट्रोल से फुल करवाने पर हिंदी का अखबार नि:शुल्क प्रदान किया जा रहा है। डीलर व समाजसेवी प्रदीप सहोत्रा ने नाहन के कांशीवाला स्थित पेट्रोल पंप और त्रिलोकपुर मार्ग पर चार्ली होटल के समीप मां बाला सुंदरी एचपी सेंटर पेट्रोल पंप से यह शुरुआत की है।
इन दोनों पेट्रोल पंपों पर जो भी ग्राहक अपने वाहन की टंकी फुल करवा रहा है उसे हिंदी का प्रतिष्ठित अखबार ‘अमर उजाला’ नि:शुल्क दिया जा रहा है। प्रदीप सहोत्रा का कहना है कि कोरोना महामारी के बाद से लोगों के पास सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सूचनाएं पहुंच रही हैं। अखबार निशुल्क देकर वह लोगों को तथ्यों पर आधारित खबरें उन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। उनका मकसद लोगों में पढ़ने की आदत विकसित करना भी है।