निर्धारित वेतनमान और महंगाई भत्ता भुगतान की रखी मांग
देय एरियर लंबे समय से लटकाना कर्मचारियों के साथ अन्याय : विजय कंवर
कहा, अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ सिरमौर ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ जिला सिरमौर ने मुख्यमंत्री को आग्रह पत्र भेजा है जिसमें छठे वेतन आयोग के निर्धारित वेतनमान व महंगाई भत्ता की देय सभी किस्तों के एरियर सहित एकमुश्त भुगतान का आग्रह किया है। देय एरियर को इतने लंबे समय तक लटकाना वास्तव में कर्मचारियों के साथ अन्याय है।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ हिमाचल प्रदेश जिला सिरमौर इकाई अध्यक्ष विजय कंवर ने कहा कि मांग पत्र मेल के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया है। इसमें मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया कि राजकीय सेवा में किसी भी कर्मचारी की नियुक्ति के समय प्रचलित महंगाई, परिस्थितियों, सरकार के सामर्थ्य और पद एवं उस विशेष वर्ग के सापेक्ष वेतनमान निर्धारित किया जाता है, जो मूल अथवा न्यूनतम वेतन होता है। समय बीतने के साथ-साथ बढ़ती महंगाई, बदलती परिस्थितियों और सेवा अवधि के प्रति फल एक निश्चित समय अंतराल के बाद महंगाई भत्ते की किस्त सरकार की ओर से जारी की जाती है जो वास्तव में वेतन का ही भाग होती है और जानबूझकर देरी से अदा की जाती है। इसी प्रकार एक निश्चित अंतराल के बाद वेतन आयोग का पुनर्गठन संवैधानिक रूप से केंद्र सरकार व प्रदेश सरकारों की ओर से किया जाता है। जो समय और परिस्थिति अनुसार वेतन को संशोधित करता है तथा सरकार से इसे लागू करने की सिफारिश भी करता है। इसलिए वेतन आयोग की ओर से निर्धारित वेतनमान का देय एरियर तथा महंगाई भत्ते की किश्तों और इसके देय एरियर को इतने लम्बे समय तक लटकाना वास्तव में कर्मचारियों के साथ अन्याय है।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शिक्षक महासंघ हिमाचल प्रदेश जिला सिरमौर अध्यक्ष विजय कंवल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि अब हमारी देवभूमि क्योंकि अतिवृष्टि के कारण आई भयंकर आपदा से भी उबर आई है और सरकार के पास प्रदेशभर में 18 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को 1500 रुपये देने तथा अन्य सभी वर्गों को भी राहत देने के लिए भरपूर कोष उपलब्ध है, तो ऐसे में कर्मचारियों को भी महंगाई भत्ते की देय सभी किस्तों को एरियर सहित और छठे वेतन आयोग की ओर से निर्धारित वेतनमान के अधिशेष एरियर का एकमुश्त भुगतान किया जाए।
संवाद