मंडियों में आवक घटने से बढ़ रहे सब्जियों के दाम
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन और आसपास के क्षेत्रों में इन दिनों पड़ रही भीषण गर्मी ने आम जनता के साथ-साथ स्थानीय सब्जी कारोबार पर भी असर डाला है। लगातार बढ़ रहे पारे के कारण दुकानों और रेहड़ियों पर रखी हरी सब्जियां चंद घंटों में ही सूखकर खराब हो रही हैं, जिससे फुटकर सब्जी विक्रेताओं को हर दिन भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है।
गर्मी की सबसे बड़ी मार टमाटर पर देखने को मिल रही है, जो अत्यधिक तापमान के कारण बहुत जल्दी खराब हो जाता है। टमाटर के जल्दी खराब होने के डर से दुकानदारों को अपना स्टॉक कम दाम पर बेचना पड़ रहा है या फिर उसे फेंकने पर मजबूर होना पड़ रहा है। दूसरी ओर लू के चलते स्थानीय और बाहरी मंडियों से आवक बेहद कम हो गई है, जिसके कारण नाहन के बाजारों में सब्जियों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं।
आजकल स्थानीय बाजार में शिमला मिर्च 60 से 80 रुपये, टमाटर 50 रुपये, मटर 80 से 100 रुपये और फूलगोभी 50 से 60 रुपये प्रति किलोग्राम तक बिक रही है, जिससे आम उपभोक्ता की रसोई का बजट भी बिगड़ गया है। कुछ ही दिनों में दाम बढ़ने से महंगी सब्जी को कम ही लोग खरीद रहे हैं।
सब्जी विक्रेता यूनियन नाहन के अध्यक्ष राज कुमार ने कहा कि गर्मी के इस सीजन में छोटे रेहड़ी-फड़ी वाले और दुकानदारों पर काफी असर पड़ा है। दुकानों में कोल्ड स्टोरेज या कूलिंग की कोई व्यवस्था न होने से हर दिन 25 से 30 फीसदी हरी सब्जियां बर्बाद हो रही हैं। उन्होंने बताया कि मंडियों में पीछे से ही सब्जियां कम पहुंच रही हैं जिसके कारण थोक दाम पहले से ही बहुत तेज हैं।