लोगों ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल, विधायक रीना कश्यप भी प्रदर्शन में हुईं शामिल
कहा, 10 दिन में नहीं सुधरी स्थिति तो करेंगे बड़ा धरना-प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। सराहां-चंडीगढ़ सड़क पर प्रीत नगर से खलोग गांव के बीच टारिंग एक सप्ताह में ही उखड़ने से लोगों में रोष है। स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन किया। यह सड़क पच्छाद क्षेत्र की आधा दर्जन पंचायतों के साथ-साथ हरियाणा राज्य के लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है।
प्रदर्शन के दौरान पच्छाद की विधायक रीना कश्यप और पूर्व कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी भी लोगों के समर्थन में मौके पर पहुंचे। विधायक रीना कश्यप ने कहा कि पहले क्षेत्र में सड़कों पर टारिंग नहीं हो रही थी और अब जब काम शुरू हुआ है तो गुणवत्ता बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में ही सड़क कई स्थानों से उखड़ना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 10 दिनों में सड़क को दोबारा ठीक नहीं किया गया तो पच्छाद क्षेत्र के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरकर बड़ा धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभाग की होगी। उन्होंने उच्च अधिकारियों से मांग की कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और टारिंग कार्य की गुणवत्ता की जांच करवाई जाए।
गौरतलब है कि सराहां-चंडीगढ़ मार्ग पर प्रीत नगर से खलोग गांव के बीच करीब 7 किलोमीटर सड़क पर टारिंग का कार्य हाल ही में पूरा हुआ है, लेकिन निर्माण के मात्र एक सप्ताह के भीतर ही सड़क कई जगहों पर उखड़ गई। पूर्व कृषि विपणन बोर्ड अध्यक्ष बलदेव भंडारी ने भी विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि टारिंग के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित ड्यूटी लगाई जानी चाहिए। रोजाना गुणवत्ता की जांच होनी चाहिए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग सुनिश्चित हो सके।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता डीएस कौंडल ने बताया कि सड़क उखड़ने की शिकायत मिलने के बाद मौके पर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि दो दिनों में जहां-जहां सड़क उखड़ी है, वहां उसे ठीक करवा दिया जाएगा। संवाद