संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय सराहां में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया एक जून से शुरू हो गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 19 जून तक आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुसार संचालित की जा रही है।
प्राचार्य गुलशन कुमार धीमान ने बताया कि प्रवेश संबंधी समस्त जानकारी महाविद्यालय की वेबसाइट और प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध है। बीए प्रथम वर्ष और बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश सेमेस्टर प्रणाली के आधार पर संचालित किया जाएगा। वहीं, द्वितीय वर्ष और तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के प्रवेश वार्षिक प्रणाली के अंतर्गत रोल-ऑन आधार पर किए जाएंगे। प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को महाविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऑनलाइन आवेदन के उपरांत अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की भौतिक प्रति सत्यापन हेतु महाविद्यालय में जमा करवानी होगी। प्राचार्य ने प्रवेश के इच्छुक सभी छात्र-छात्राओं से समय पर आवेदन करने का आग्रह किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और विषय संयोजन के अनुसार विषयों का चयन करने की सलाह दी।
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों को स्नातक प्रथम वर्ष की कक्षाओं में लागू किया गया है। इसके तहत बीए और बीकॉम प्रथम वर्ष के छात्रों को सेमेस्टर प्रणाली के माध्यम से प्रवेश मिलेगा। यह प्रणाली छात्रों को अधिक लचीलापन और विषय चयन में स्वतंत्रता प्रदान करेगी। हालांकि, द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्रों के लिए वार्षिक प्रणाली ही लागू रहेगी।