नवनिर्मित पार्किंग में गला रेतकर कर दी गई थी शिलाई के भाव सिंह की हत्या, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब के विश्वकर्मा चौक के समीप नगर परिषद की नवनिर्मित पार्किंग में शिलाई क्षेत्र के व्यक्ति की निर्मम हत्या के मामले में गिरफ्तार महिला समेत दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने दोनों को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब दोनों से गहन पूछताछ कर रही है और हत्याकांड में इस्तेमाल कथित कैंचीनुमा हथियार की बरामदगी के प्रयास का रही है।
पुलिस के अनुसार देहरादून-पांवटा साहिब एनएच-07 पर विश्वकर्मा चौक के साथ लगती नगर परिषद की नवनिर्मित पार्किंग में आपसी लड़ाई-झगड़े के बाद शिलाई क्षेत्र के ग्राम आवत निवासी भाव सिंह पुत्र सही राम पर तेजधार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल भाव सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
हत्याकांड के बाद आरोपियों तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था। ग्रामीणों ने विश्वकर्मा चौक से बस अड्डे मार्ग पर करीब एक घंटे तक चक्का जाम कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में हमले के बाद गंभीर रूप से घायल भाव सिंह को भागते हुए देखा गया। इसी दौरान देवीनगर वार्ड नंबर-9 की तरफ एक महिला और पुरुष के जाने की जानकारी भी सामने आई। जांच के दौरान पुलिस को यह सूचना भी मिली कि देवीनगर में एक युवक को खून से सनी शर्ट धोते हुए कुछ लोगों ने देखा था। पुलिस ने इन कड़ियों को जोड़ते हुए जांच आगे बढ़ाई और दोनों संदिग्धों तक पहुंच गई।
पुलिस ने मामले में मोहम्मद आमिर उर्फ फग्गु (21), निवासी देवीनगर और रेखा (29) निवासी वाल्मीकि बस्ती, पांवटा साहिब को गिरफ्तार किया। हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए जुन्गा से फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, खून के नमूने और अन्य भौतिक साक्ष्य सुरक्षित किए हैं। इन साक्ष्यों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे वास्तविक कारण क्या था और दोनों आरोपियों की भूमिका किस तरह रही। इसके साथ ही आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि, नशे की आदत और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
एसपी एनएस नेगी ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
आरोपियों की एआई तस्वीरों ने फैलाई सनसनी
मृतक के रिश्तेदार एवं शिलाई क्षेत्र निवासी जय ठाकुर ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही आरोपियों की तस्वीरों को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर आरोपियों की एआई से जनरेट की गई तस्वीरें वायरल कर दी गईं और कई लोगों ने बिना सत्यता की जांच किए इन्हें शेयर किया। इससे लोगों के बीच भ्रम और गलतफहमी की स्थिति पैदा हुई।