उपमंडल राजगढ़ के तहत हॉब्बन वाया चंबीधार निजी बस हादसा यदि कुछ किमी पहले हो जाता तो इसमें और अधिक जानें जा सकती थी, क्योंकि सोलन से चलने वाली इस निजी बस में क्षेत्र के चाखल, धंदडे़ल, शिलाई एवं पंचड़ गांव के लोग अपने-अपने स्टेशनों पर उतर चुके थे, जिससे हादसा अधिक भयानक नहीं हुआ।
सोलन अस्पताल में भर्ती घायलों ने बताया कि दुर्घटना होने से पहले बस का अगला टायर निकल गया था जिससे बस एकाएक खाई की ओर लुढ़कनी शुरू हो गई। इस दौरान बस में बैठे यात्रियों ने चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया। बस हादसे का शिकार प्रभु राम निवासी चायल शिलांजी इस बस में मात्र आधा किमी पहले पंचड़ से सवार हुआ था और कुछ दूर जाकर बस खाई में गिर गई।
गंभीर रूप से घायल प्रभु राम ने सोलन अस्पताल ले जाते हुए रास्ते में दम तोड़ दिया।
घायल यात्रियों ने संपर्क करने पर बताया कि सड़क की बदहाली भी हादसे एक कारण है, क्योंकि सड़क पर तंग मोड़ एवं जगह-जगह गड्ढे व टारिंग उखड़ी हुई है। दुर्घटना संभावित मोड़ों पर कहीं भी आज तक क्रास बैरियर नहीं लगे हैं जिससे दुर्घटना होने पर वाहन सीधे खाई में गिरते हैं। हॉब्बन क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांव अपनी रोजमर्रा की जरूरत का सामान एवं उपचार के लिए सोलन जाने के लिए इसी मार्ग का प्रयोग करते हैं।
हादसे के बाद सबसे पहले टीम के साथ मौके पर पहुंचे राजगढ़ के थाना प्रभारी मोहर सिंह ने खबर लिखे जाने तक 6 मौत होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।