आयुष विभाग के खंड सूरजपुर के तहत शिविर में योग क्रियाएं करते ग्रामीण। स्रोत : विभाग
आयुर्वेद, योग के प्रति बढ़ी जागरूकता, दूरदराज क्षेत्रों के उपलब्ध करवाई जा रहीं सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/धौलाकुआं (सिरमौर)। जिला आयुष विभाग के तहत खंड सूरजपुर में विभिन्न शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। उप मंडलीय आयुष चिकित्सा अधिकारी डॉ. जसप्रीत कौर के नेतृत्व में आयुर्वेद के प्रति लोगों की रुचि बढ़ाने के लिए आयुष ग्राम मेला, मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू), योग शिविर और किसान मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
डॉ. जसप्रीत कौर ने बताया कि आयुष ग्राम मेला शिविरों के तहत इस माह विभिन्न आयुष स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत गांवों में निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए। इन शिविरों में लोगों की बीपी, शुगर सहित अन्य जांचें की गईं और उन्हें मुफ्त आयुष औषधियां वितरित की गईं। साथ ही लोगों को आयुर्वेदिक जीवनशैली, संतुलित आहार-विहार और रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
किसान मेलों के दौरान ग्राम पंचायत कोलर, बोड़ीवाला और सुखचैनपुर में किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान किसानों को हर्बल पौधे और ऑर्गेनिक खाद वितरित किए गए। योग शिविरों में लोगों को योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में प्रशिक्षित किया गया। डॉ. प्रमोद पारीक ने जैव-चिकित्सा अपशिष्ट के सुरक्षित निष्पादन के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। संवाद