लंबे समय से बंद पड़ा संपर्क मार्ग दुरुस्त करने का काम शुरू, ग्रामीणों ने जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरूवाला (सिरमौर)। वायरल वीडियो के माध्यम से हटवाल गांव के ग्रामीणों की बदहाल सड़क व्यवस्था का दर्द सामने आने के बाद समाजसेवी नितिन शर्मा ने ग्रामीणों से किया अपना वादा निभा दिया। सोमवार सुबह करीब सात बजे उन्होंने अपनी जेसीबी मशीन मौके पर भेज दी। मशीन पहुंचते ही लंबे समय से क्षतिग्रस्त और बंद पड़े संपर्क मार्ग को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया गया।
वर्ष 2024 में राजपुर-दाना क्षेत्र से सटे धौलीरोह खड्ड में आई विनाशकारी बाढ़ और बादल फटने जैसी घटना से हटवाल क्षेत्र में भारी नुकसान हुआ था। बाढ़ की चपेट में आने से सड़कें और संपर्क रास्ते क्षतिग्रस्त हो गए थे। हटवाल और अंबोया को जोड़ने वाला पुल भी बाढ़ में बह गया था। आपदा को लंबा समय बीत जाने के बाद भी ग्रामीणों को बदहाल संपर्क मार्गों के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
हाल ही में हटवाल निवासी महेंद्र सिंह समेत अन्य ग्रामीणों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी समस्या सामने रखी थी। ग्रामीणों ने बताया था कि संपर्क मार्ग बंद और क्षतिग्रस्त होने के कारण रोजमर्रा की आवाजाही प्रभावित हो रही है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही थी। आपात स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाना भी ग्रामीणों के लिए चुनौती बना हुआ था।
ग्रामीणों की समस्या सामने आने के बाद समाजसेवी नितिन शर्मा ने सड़क को दुरुस्त करवाने के लिए अपनी जेसीबी मशीन भेजने का भरोसा दिया था। सोमवार सुबह उन्होंने अपना वादा पूरा करते हुए मशीन मौके पर पहुंचा दी और रास्ते को दुरुस्त करने का काम शुरू करवा दिया। हटवाल निवासी महेंद्र सिंह समेत क्षेत्र के ग्रामीणों ने समाजसेवी नितिन शर्मा का आभार जताया।