कालाअंब (सिरमौर)। थाना क्षेत्र कालाअंब के तहत स्थानीय एक कंपनी के मालिक ने थाना कालाअंब में शिकायत दर्ज करवाई कि उसकी कंपनी से 1.14 लाख रुपये नकद चोरी हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एएसपी एनएस नेगी ने इसकी पुष्टि की।
थाना कालाअंब से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को कालाअंब स्थित कोल्ड प्लस कंपनी के निदेशक जिम्मी त्यागी ने शिकायत दर्ज करवाई कि 10 सितंबर की रात्रि को कंपनी के कार्यालय से एक लाख 14 हजार रुपये गायब हो गए। इसकी जानकारी उन्हें एक दो दिन पहले ही लगी। उन्होंने कंपनी के एक कर्मचारी पर संदेह व्यक्त किया है।
एएसपी ने बताया कि कंपनी के निदेशक द्वारा दिए गए नामजद कर्मचारी को थाने में तलब कर उससे पूछताछ की जाएगी। कंपनी मालिक ने कैश कार्यालय में कहां रखा था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।