पांवटा आरएलए दफ्तर से निराश लौट रहे वाहन मालिक
शिमला से नहीं पहुंच रही वाहनों के नंबरों की नई सीरीज
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब आरएलए कार्यालय से कई चक्कर काट कर वाहन मालिक निराश होकर लौट रहे हैं। एक सप्ताह से पांवटा कार्यालय में वाहनों के नंबर नहीं मिल पा रहे हैं। शिमला कार्यालय से नई सीरीज जारी नहीं की जा रही है। इससे प्रदेश सरकार को भी अब तक करीब 15 लाख से अधिक नुकसान हो चुका है।
बताया जा रहा है कि आरएलए कार्यालय में 18 फरवरी से वाहनों के नंबर नहीं मिल पा रहे हैं। कई वाहन मालिकों ने वाहनों नंबर लेने को आवेदन दिए हैं। सैकड़ों वाहन मालिक रोज आरएलए दफ्तर के चक्कर काट रहे हैं लेकिन, वाहनों के नंबर नहीं मिल रहे हैं। कहा जा रहा है कि स्थानीय कार्यालय में ई-सीरीज के बाद एफ सीरीज के लिए शिमला सचिवालय को भेजा है। जनवरी माह में ही नई सीरीज के लिए कार्यालय से आवेदन किया गया है लेकिन, अभी तक सीरीज की मंजूरी नहीं मिली। गौरतलब है कि एक सीरीज में करीब 10 हजार नंबर होते हैं। लेकिन, पांवटा आरएलए कार्यालय को नई सीरीज जारी करने में देरी हो रही है। प्रदेश सरकार को भी इससे करीब 15 लाख से अधिक की क्षति हो चुकी है। उधर, एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा ने कहा कि शिमला निदेशक कार्यालय को रिमाइंडर भेज दिया गया है। इसमें शीघ्र वाहन नंबरों की नई सीरीज जारी करने का आग्रह किया गया है।