फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बर्फबारी से हजारों घरों की बत्ती गुल, यातायात ठप

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

नाहन/नौहराधार/सराहां (सिरमौर)। जनपद सिरमौर में बारिश और बर्फबारी अब आफत बनकर बरप रही है। खासकर जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। 68 के करीब पंचायतों के सैकड़ों गांवों में बिजली गुल है। कई सड़कों पर आवाजाही थम गई है। बारिश और बर्फबारी के चलते बिजली बोर्ड के साथ सड़कों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। कई जगह भूस्खलन हो रहा है। वहीं, बर्फ हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। फरवरी माह में ट्रांसगिरि इलाके का जीवन बेपटरी हो गया है। लोगों की दिक्कतें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। समूचे सिरमौर में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। चूड़धार, नौहराधार, हरिपुरधार, कुपवी आदि हिस्सों के साथ पच्छाद और शिलाई इलाके में भी इस बार भारी बर्फबारी हुई है। ऐसे में जिला सिरमौर के शेष क्षेत्र शेष हिमाचल से पूरी तरह कट गए हैं। बर्फबारी से सोलन-मीनस, हरिपुरधार-रोहनाट, हरिपुरधार-कुपवी, हरिपुरधार-गत्ताधार, नौहराधार-पुनरधार, नोहराधार-बोगधार, बांदल-हिंदगा, संगड़ाह, हरिपुरधार-संगड़ाह आदि मुख्य सड़कें बंद हो गई हैं। विद्युत उपमंडल चाडना और हरिपुरधार के तहत करीब 68 पंचायतों में बिजली गुल है। नौहराधार, हरिपुरधार, गेहल, घंडूरी, देवा मानल, बोगधार, भराड़ी, लानाचेता, कोरग, शामरा, देवना थनगा आदि पंचायतों में कई घंटों बिजली बंद रही। लोगों को कड़ाके की ठंड में कामकाज निपटाना मुश्किल हो गया है।
विज्ञापन

पच्छाद में रास्ते में फंसीं सरकारी बसें
बारिश के चलते पच्छाद क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चार सड़कों पर चलने वाली सरकारी बसें पूरी तरह से प्रभावित हुई हैं। यह बसें या तो आधे रूट तक जा रही हैं या फिर आधे रूट में ही फंसी हुई हैं। इससे क्षेत्र के सैकड़ों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पच्छाद क्षेत्र के सराहां से चलने वाली देवल-टिक्करी-सोलन, सराहां- सेरशोर, सराहां-मेंहदो बाग और सराहां-कोट बस सेवा पूरी तरह से प्रभावित हुई है। सराहां सेरशोग बस बर्फ पड़ने के कारण रूट पर ही फंसी है। क्षेत्रवासी मोहन शर्मा, राकेश शर्मा, सुरजन सिंह, नरेंद्र कुमार, कुलदीप सिंह, भीम सिंह, रतन सिंह, राजेश कुमार और शुभम ने बताया कि उनके क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़कों पर थोड़ी सी बारिश होने पर ही यातायात ठप हो रहा है। सड़कों पर ऐसे स्थान है जहां वाहन फिसलते हैं, उन जगहों को पक्का करवाया जाना चाहिए। लोनिवि के सहायक अभियंता कुलदीप कुमार ने बताया कि जिन जगहों पर चिकनी मिट्टी है, वहां तुरंत लेबर भेजी जाएगी। भविष्य के लिए सड़कों पर सोलिंग कर दी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें