कालाअंब (सिरमौर)।
त्रिलोकपुर स्थित महामाया माता बालासुंदरी के मंदिर में नवरात्र के दूसरे दिन आस्था का सैलाब उमड़ा। नवरात्र के दूसरे दिन लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने महामाया के दर्शन किए। दूसरे दिन तक यहां दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 90 हजार के करीब पहुंच गई है। मंदिर में दो दिन में 22 लाख रुपये समेत सोने और चांदी का चढ़ावा भी चढ़ाया गया है।
नवरात्र पर बालासुंदरी मंदिर दुल्हन की तरह सजाया गया है। त्रिलोकपुर क्षेत्र में फूल-मालाओं से बाजार सजा हुआ है। जबकि मंदिर में लगी रंग-बिरंगी लड़ियों से शाम को मंदिर का सौंदर्य निखर रहा है।
विज्ञापन
मंदिर में मुंडन करवाने वालों का भी तांता लग गया है। जबकि कई लोग कन्या पूजन भी मंदिर में कर रहे हैं। दूसरे नवरात्र पर सुबह 5 बजे मंदिर के कपाट दर्शनों के लिए खोल दिए गए। सुबह की आरती के बाद श्रद्धालुओं को माता के दर्शनों के लिए मंदिर में प्रवेश दिया गया। विभिन्न स्थानों से आये लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर माता के दर्शन किए। दिनभर मंदिर प्रांगण माता के जयकारे से गूंजता रहा।
मंदिर में नवरात्र के दूसरे दिन तक श्रद्धालुओं ने लगभग 22 लाख रुपये नकद चढ़ावा चढ़ाया। मंदिर में 40 ग्राम 800 मिली ग्राम सोना और 4 किलो 815 ग्राम चांदी भी श्रद्धालुओं ने चढ़ाई। उपायुक्त ललित जैन ने बताया कि नवरात्र के दूसरे दिन लगभग 25 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दूसरे दिन 16 लाख 54 हजार 995 रुपये के अतिरिक्त 21 ग्राम सोना व 2 किलो 800 ग्राम चांदी भी चढ़ावे के रूप अर्पित की गई।