अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
माता पदमावती नर्सिंग कॉलेज नाहन का प्रथम दीक्षांत समारोह रविवार देर शाम आयोजित किया गया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने पास आउट हुई लगभग 70 छात्राओं को नर्सिंग की उपाधियां प्रदान की। इससे पहले डॉ. राजीव बिंदल ने छह बीघा में निर्मित अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल के मैदान का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर अरिहंत स्कूल और नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नर्सिंग एक ऐसा पुनीत व्यवसाय है जिसमें मानवता की सेवा के अवसर सर्वाधिक है। उन्होंने छात्राओं का आह्वान किया कि जब भी उन्हें किसी स्वास्थ्य संस्थान में सेवा करने का अवसर प्राप्त हो तो नि:स्वार्थ भाव से रोगियों की सेवा करें। उनसे किसी प्रकार का भेदभाव न करें। डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्तमान में विश्व में प्रशिक्षित नर्सिंग की बहुत मांग है। नर्सिंग एक मात्र ऐसा व्यवसाय है जिसमें रोजगार की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं।
नाहन में मेडिकल कॉलेज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा की देन है। उन्होंने इस कॉलेज के निर्माण पर 189 करोड़ की राशि जारी की। विधानसभा अध्यक्ष ने अरिहंत स्कूल के बच्चों को भी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुरस्कृत किया। प्रदेश विश्वविद्यालय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने पर नर्सिंग कॉलेज की सात छात्राओं को विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। माता पदमावती नर्सिंग कॉलेज के महासचिव सचिन जैन ने नर्सिंग कॉलेज की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर नर्सिंग कॉलेज की प्रधानाचार्य रिजी आशीष ने बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष और जीएनएम प्रथम वर्ष की छात्राओं को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में अरिहंत इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश दुबे, चेयरमैन अनिल समेत, जिला परिषद सदस्य विनय गुप्ता, मनीष चौहान, माता पदमावती नर्सिंग कॉलेज के अध्यक्ष अनिल जैन, नगर परिषद की अध्यक्षा अनिता शर्मा, वैशाली जैन, श्रीपाल जैन, दिशांत जैन, जिनेश जैन, सुरेश जोशी आदि उपस्थित थे।