नाहन (सिरमौर)। सिरमौरी हुक्मरानों की राजधानी रहे नाहन शहर के लिए अच्छी खबर है। अब लोगों को अपनी गाड़ियां सड़क किनारे जहां-तहां खड़ी नहीं करनी पड़ेंगी। जल्द शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने धनराशि भी मुहैया करवा दी है। पार्किंग निर्माण के लिए दो करोड़ और पार्क निर्माण के लिए 45 लाख रुपये की किस्त जारी कर दी गई है। इससे शहर की पार्किंग समस्या से निजात मिल जाएगी। राज्य में सरकार सत्तासीन होने के चंद महीनों के कार्यकाल में ही नाहन शहर को यह सौगात मिली है।
गौरतलब है कि शहर में पार्किंग की समस्या चल रही है। पार्किंग का अभाव होने के कारण लोग सड़क किनारे जहां-तहां गाड़ियां खड़ी करने को विवश हैं। इस वजह से कई बार वाहन मालिकों के चालान भी काटे जाते हैं। खैर, अब नाहन शहर को यातायात समस्या से निजात दिलाने के लिए राज्य सरकार ने अपनी झोली खोल दी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की मांग पर नाहन में पार्किंग के लिए धनराशि मुहैया करवाने की घोषणा की थी। अब इसके लिए एक-एक करोड़ रुपये की दो किस्तें जारी हुई हैं। जबकि, शहर में पार्क निर्माण के लिए भी 45 लाख रुपये का सरकार ने प्रबंध कर दिया है। सूत्र बताते हैं कि शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग का निर्माण किया जाना है। इनमें एक नगर परिषद के कार्यालय के समीप जबकि एक लोनिवि के कार्यालय के समीप बनेगी। एक और पार्किंग का भी शहर में निर्माण किया जाएगा। सभी पार्किंगों का निर्माण होने के बाद लगभग दो सौ गाड़ियों को पार्क करने की सुविधा मिलेगी।
पार्किंग बनने से दूर होगी समस्या : विनय
पार्किंग के लिए धन राशि मुहैया होने से भाजपाइयों में खुशी की लहर है। जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता ने कहा कि स्थानीय विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के प्रयासों से ही यह संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि महज एक महीने के अंदर पार्किंग के लिए दो करोड़ और पार्क के लिए 45 लाख रुपये की किस्त जारी हुई है। पार्क बनने से शहर का सौंदर्य भी निखर सकेगा। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल का आभार प्रकट किया है।
क्या कहते हैं अधिकारी
शहर में पार्किंग के लिए करीब दो करोड़ रुपये की राशि जारी हुई है। जल्द इसका निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। पार्किंग बनने के पश्चात शहर में पार्किंग की समस्या काफी हद तक सुलझने की उम्मीद है। ..अजमेर सिंह, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद नाहन।