अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर के रसोई गैस उपभोक्ताओं को अप्रैल माह में सिलिंडर के कम दाम चुकाने पड़ेंगे। नई गाइड लाइन के अनुसार गैस सिलिंडर की कीमत 698.50 रुपये निर्धारित की गई है। जबकि अब तक सिलिंडर की कीमत 734 रुपये थी। इसी के साथ उपभोक्ताओं को मिलने वाली सब्सिडी भी गुपचुप ढंग से घटा दी गई है जिससे अब सिलिंडर की वास्तविक कीमत 507 रुपये कर दी गई है यानी केंद्र सरकार गैस सिलिंडर पर मिलने वाली सब्सिडी में हर माह कैंची चला रही है।
शहरी गैस एजेंसी नाहन के प्रभारी विक्रांत ठाकुर ने कहा कि अप्रैल माह में शहर व आसपास के हिस्सों में डीबीटीएल का सिलिंडर सब्सिडी के साथ 698.50 रुपये रुपये में मिलेगा। जबकि पिछले माह इसकी कीमत 734 रुपये थी। विक्रांत ठाकुर ने कहा कि उपभोक्ताओं को अब 190.95 रुपये सब्सिडी मिलेगी जो उनके बैंक खातों में आएगी। उपभोक्ता स्लिप के आधार पर डिलीवरी मैन को पैसे का भुगतान करें। उपभोक्ता बिना गैस रसीद के डिलीवरी मैन को पैसे का भुगतान नहीं करें। साथ ही डिलीवरी मैन से गैस की कॉपी पर गैस मिलने की एंट्री अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि यदि डिलीवरी मैन उपभोक्ताओं से ज्यादा पैसे ले रहा है तो वह 94186-16832 पर सीधे शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अब आईवीआरएस नंबर 98825-54411 पर कॉल कर सिलिंडर बुक करवा सकते हैं।