-आठ जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन, 15 को होंगे साक्षात्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन(सिरमौर)। बाल विकास परियोजना नाहन के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के कुल आठ रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र महिलाओं से आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 8 जुलाई तक अपने आवेदन बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नाहन में जमा कर सकते हैं।
बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत सुरला के आंगनबाड़ी केंद्र सुरला तथा ग्राम पंचायत देवका पुड़ला के आंगनबाड़ी केंद्र पुड़ला में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता का एक-एक पद भरा जाएगा। इसके अलावा ग्राम पंचायत विक्रमबाग के आंगनबाड़ी केंद्र डाडुवाला, ग्राम पंचायत पालियो के आंगनबाड़ी केंद्र पालियो, ग्राम पंचायत बनकला के आंगनबाड़ी केंद्र कून और बनकला, ग्राम पंचायत ददाहू के आंगनबाड़ी केंद्र चूली तथा ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर के आंगनबाड़ी केंद्र खैरी में आंगनबाड़ी सहायिकाओं के एक-एक पद पर भर्ती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आवेदक सादे कागज पर आवश्यक एवं सत्यापित दस्तावेजों सहित किसी भी कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यालय में आवेदन जमा करवा सकते हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका पद के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच और परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये या उससे कम होनी चाहिए।
आवेदन के साथ जाति प्रमाण पत्र, बेरोजगारी प्रमाण पत्र और तहसीलदार, नायब तहसीलदार या उपमंडल अधिकारी (नागरिक) की ओर जारी वार्षिक आय प्रमाण पत्र संलग्न किया जा सकता है। बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि सभी पदों के लिए साक्षात्कार 15 जुलाई को सुबह 10:30 बजे बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय नाहन में आयोजित किए जाएंगे। साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को अलग से कोई सूचना पत्र जारी नहीं किया जाएगा।