नाहन (सिरमौर)। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण की शासी निकाय की समीक्षा बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई। जिला परिषद अध्यक्ष दलीप सिंह चौहान ने इस अवसर बताया कि जिला में मनरेगा योजना के अंतर्गत 77562 जॉब कार्ड वितरित किए गए, इनमें से 15889 व्यक्तियों ने रोजगार के लिए आवेदन किया। इनमें से 8138 लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया तथा 184750 लाख श्रम कार्य अर्जित किए गए।
उन्होंने कहा कि राजीव आवास योजना के अंतर्गत इस वित्त वर्ष में 122 गृहों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था जिनमें से 24 गृहों का निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है जिस पर 18.37 लाख रुपये खर्च किए गए।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत जिला में 460 गृहों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रति इकाई गृह निर्माण के लिए 1 लाख 30 हजार रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत 36 करोड़ रुपये की राशि में से 28 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है। जिले की 30 ग्राम पंचायतों को खुला शौचमुक्त घोषित किया गया है। जबकि 35 ग्राम पंचायतों को निर्मल ग्राम पुरस्कार प्रदान किया गया है। अतिरिक्त उपायुक्त हरबंस नेगी ने बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों से आह्वान किया कि जन कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में अपना रचनात्मक सहयोग दें।
डीआरडीए के परियोजना अधिकारी विवेक शर्मा ने बैठक में उपस्थित सभी लोगों का स्वागत किया तथा बैठक संबंधित मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया। बैठक में जिला कल्याण अधिकारी सुरेश शर्मा, सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
----------------