ददाहू (सिरमौर)। सैनधार क्षेत्र की कटाह शीतला पंचायत के शिरू माईला गांव के शहीद जवान विनोद कुमार का शव मंगलवार को उनके पैतृक गांव लाया जाएगा। ददाहू में गिरि नदी के तट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। 23 वर्षीय विनोद कुमार की रविवार को लेह लद्दाख में ड्यूटी पर ठंड के कारण आए हार्ट अटैक से मृत्यु हो गई थी। जवान विनोद कुमार की अकस्मात मौत से पूरा गांव सदमे में है। परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। करीब तीन वर्ष पूर्व ही विनोद सेना में भर्ती होने के लिए अपने घर से निकला था। पूरे परिवार के लालन पोषण की जिम्मेवारी विनोद के कंधों पर ही थी। उसके पिता प्रेम सिंह व दादा सागर सिंह एक गरीब किसान है। जो खेतीबाड़ी करके ही अपना गुजर बसर कर रहे हैं। शहीद की मृत्यु से उसके पिता, दादा-दादी, दो बहनें और भाई गहरे सदमे में है। विनोद की मृत्यु का सूचना मिलने के बाद से ही अपनी सुध-बुध खो बैठे हैं।
विनोद कुमार ने वर्ष 2012-13 में ही राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ददाहू से 10 जमा दो की परीक्षा पास की थी। ददाहू स्कूल में सोमवार को शोक प्रकट किया गया। देश सेवा का जज्बा स्कूल के समय से ही था। विनोद दिसंबर माह के पहले सप्ताह में ही एक माह का अवकाश काटकर घर से ड्यूटी पर लौटा था। चारों भाई बहनों में सबसे बड़ा होने के कारण विनोद अपने भाई बहनों की हर जरूरतों को पूरा करता था। उसने अपनी शादी को भी अपनी बहन की शादी होने तक टाल दिया था। उसका कहना था कि जब उसकी बहन की शादी हो जाएगी, तो उसके बाद वह अपनी शादी करेगा। सोमवार को लद्दाख में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। मंगलवार को शहीद का शव चंडीगढ़ से दोपहर बाद पैतृक गांव लाया जाएगा। इसकी सूचना सेना की ओर से परिजनों को दी गई है। शीतला पंचायत के उपप्रधान अमर सिंह और वार्ड सदस्य लक्ष्मी देवी ने बताया कि सेना की ओर से उन्हें मंगलवार दोपहर बाद शव पहुंचने की सूचना दी गई है।