अमर उजाला ब्यूरो
सराहां (सिरमौर)। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगू राम मुसाफिर ने कहा कि कांग्रेस ने बिरोजा तस्करी के मामले की सीबीआई से जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बिरोजा तस्करी में भाजपा नेता के शामिल होने की बात सामने आ रही है। लिहाजा, कांग्रेस ने मामले की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है। इस संदर्भ में राष्ट्रपति को भी मांग पत्र भेजा गया है।
सराहां में पत्रकारों से बातचीत में मुसाफिर ने कहा कि आठ महीनों के भीतर ही लोगों का भाजपा से मोह भंग हो गया है। केंद्र की जुमले वाली सरकार के सारे जुमले फेल हो गए। हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार ने सत्ता में आने से पहले कहा था कि खनन माफिया, जंगल माफिया, शराब और भू माफिया को बख्शा नहीं जाएगा लेकिन, आज भाजपा नेता के लिप्त होने के बाद सरकार चुपचाप बैठी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की गुटबाजी से पच्छाद की जनता पूरी तरह परेशान है। आईपीएच कार्यालय में पिछले करीब चार महीनों से सहायक अभियंता नहीं है। यहां कोई अधिकारी नहीं आना चाहता। उन्होंने कहा कि सिरमौर में बिजली बोर्ड के पांच उपमंडल हैं, जिसमें एक ही सहायक अभियंता है। इसके अलावा राजगढ़ में अधिशासी अभियंता का पद एक महीने से खाली पड़ा हुआ था। उसे हाल ही में भरा गया, लेकिन अधिशासी अभियंता एक महीने की छुट्टी पर चले गए हैं। पत्रकार वार्ता में मुनीलाल पंवार, देवेंद्र भंडारी, उषा तोमर, पूनम पंवार, राजेंद्र शर्मा, रमेश चंद और सुधीर ठाकुर सहित कई लोग मौजूद रहे।