-ओवरलोडिंग पड़ी भारी : पुलिस के 22 हजार के बाद परिवहन विभाग ने ठोका 42 हजार का चालान
-खनन सामग्री से लदा ट्राला हटाने में भी संचालक को चुकाने पड़े हजारों रुपये, विभाग ने दी ओवरलोडिंग से बचने की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। खजूरना पुल के समीप चंडीगढ़-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर छह घंटे तक यातायात व्यवस्था को पटरी से उतारने वाले ओवरलोड ट्राला संचालक को अब इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। हाईवे पर फंसे ट्राले के मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद अब परिवहन विभाग ने भी 42 हजार रुपये का चालान किया है। इससे पहले पुलिस विभाग की ओर से 22 हजार रुपये का चालान किया गया था। दोनों विभागों की कार्रवाई के बाद ट्राला संचालक पर कुल 64 हजार रुपये का जुर्माना हो गया है। इसके अलावा ट्राला हटाने के लिए मौके पर बुलाई गई हाइड्रा और जेसीबी मशीनों का हजारों रुपये का खर्च भी संचालक को अपनी जेब से उठाना पड़ा।
शनिवार को खनन सामग्री से लदा यह भारी ट्राला खजूरना पुल के समीप हाईवे पर फंस गया था। देखते ही देखते नाहन-पांवटा साहिब-कालाअंब-देहरादून मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। दोनों तरफ यातायात थम जाने से सैकड़ों वाहन चालक और यात्री घंटों जाम में फंसे रहे। स्थिति यह रही कि वैकल्पिक मार्ग खजूरना-बिक्रमबाग-सुकेती पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया और वहां भी जाम लग गया। ट्राले को सड़क से हटाना भी प्रशासन और पुलिस के लिए आसान नहीं रहा। टीमों को कई घंटे तक कड़ी मशक्कत यहां करनी पड़ी। भारी वाहन को हटाने के लिए हाइड्रा और जेसीबी मशीनों की मदद लेनी पड़ी।
ट्राला फंसने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब छह घंटे तक यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित रही। नाहन से पांवटा साहिब, कालाअंब, हरियाणा और देहरादून की ओर जाने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। बसों, निजी वाहनों, ट्रकों और दोपहिया वाहनों में सवार लोगों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।
बार-बार चेतावनी के बावजूद ओवरलोडिंग का खेल कालाअंब-पांवटा साहिब राष्ट्रीय राजमार्ग पर खनन सामग्री से लदे भारी ट्रालों की आवाजाही लंबे समय से सवालों के घेरे में है। ट्रालों के पलटने, सड़क पर फंसने और अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त होने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। कई बार ऐसे हादसों के कारण यातायात घंटों बाधित हो चुका है। इस बार परिवहन विभाग की कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों पर अलग-अलग स्तर पर कार्रवाई हो सकती है।
-
-खजूरना पुल के समीप फंसे ओवरलोड ट्राले का परिवहन विभाग की ओर से 42 हजार रुपये का चालान किया गया है। वाहन चालकों से अपील है कि वे वाहनों को ओवरलोड लेकर न चलें। ओवरलोडिंग से सड़क हादसों का खतरा बढ़ता है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
-सोना चंदेल, आरटीओ सिरमौर-