पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा नगर परिषद के वार्ड-3 में समस्याओं के अंबार हैं। यहां के बाशिंदों का कहना है कि उन्हें आज भी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि उनके वार्ड में अंडर ग्राउंड डस्टबिन की योजना का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। यहां न तो डस्टबिन लगे हैं और न ही बेहतर ड्रेनेज की सुविधा है। वहीं, सीवरेज लाइन का भी लोगों को फायदा नहीं मिल रहा। बरसात में पांवटा-शिलाई एनएच किनारे जलभराव की समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। वार्ड में एक भी पार्क नहीं है, जबकि कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था का भी बुरा हाल है।
पांवटा नगर परिषद वार्ड-3 निवासी करण चौहान, हरजीत सिंह, हरदयाल और आरएस नारंग का कहना है कि सबसे ज्यादा परेशानी पांवटा से शिलाई एनएच-707 मार्ग में जलभराव से हो रही है। बद्रीपुर से आदर्श कॉलोनी तक ज्यादा परेशानी बरसात में होती है। यहां कोई जल निकासी नाली नहीं बनी है। इससे दर्जनों दुकानों, रिहायशी मकानों के आगे सड़क पर पानी खड़ा रहने से हादसे भी होते रहते हैं। युवा व्यवसायी विवेक कंवर ने कहा कि आदर्श कॉलोनी से खेलकूद परिसर तक जल निकासी नाली बंद रहती है। बेहतर निकासी नहीं होने से नाली का पानी रुका रहता है। इस वजह से नाली में सांपों और मच्छरों की भरमार रहती है। स्ट्रीट लाइटें दिन-रात जलती रहती हैं। बलदेव सिंह ने कहा कि अशोक विहार कॉलोनी में गर्मियों में पेयजल किल्लत रहती है। बोर ऐसे स्थल पर हों जिससे कॉलोनी के दर्जनों परिवारों को लाभ मिले। महेंद्र सिंह ने कहा कि संपर्क गलियों को पक्का करवाया जाए, जिससे पैदल और छोटे वाहनों को आवागमन में असुविधा न हो।
केवल 2 वर्षों में विकास पर 50 लाख बजट खर्च : धनवीर कपूर
पांवटा नगर परिषद कमेटी के वार्ड-3 के पार्षद धनवीर कपूर ने कहा कि जनता से किए वादे पूरे हो रहे है। दो वर्षों में करीब 50 लाख विकास पर खर्च हुए हैं। जिसमें मोहल्लों को 4 टाईलनुमा व 1 तालकोल वाली संपर्क मार्ग बने। प्रस्तावित 4 गलियों के कार्यों को करीब 25 लाख के टैंडर हो चुके है। पेयजल सुविधा को 6 बोर करवाए तथा बद्रीपुर गुरुद्वारा के 1 हाइमस्ट लाईट लगवाई। एनएच प्राधिकरण अधिकारियों से जलभराव व आईपीएच विभाग से सीवरेज समस्या का मामला उठाया गया है।
सुरेश तोमर
...