अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)।
क्रिसमस और नए साल पर उमड़ने वाले पर्यटकों को लेकर रेणुका पर्यटन नगरी पूरी तरह तैयार है। धार्मिक व पर्यटन नगरी रेणुका में शनिवार से ही पर्यटकों का आना शुरू हो जाएगा। पर्यटकों की ओर से होटलों की एडवांस बुकिंग का दौर शुरू हो चुका है। इस वर्ष क्रिसमस के मौके पर अधिक ठंड और बर्फबारी के आसार न के बराबर होने के बावजूद भी पर्यटकों के उमड़ने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसको लेकर होटल व्यवसायी भी अपने स्तर पर कार्य में जुट गए हैं।
पर्यटन विभाग के रेणुका होटल में 25 फीसदी की विशेष छूट दी जा रही है। इसको लेकर पर्यटकों ने अपने स्तर पर ऑनलाइन बुकिंग करवानी शुरू भी कर दी है। रेणुकाजी के साथ लगते जमटा व हरिपुरधार क्षेत्र के होटल भी पर्यटकों की आवभगत के लिए सजने संवरने लगे हैं। जहां पर्यटकों के ठहरने व खानपान की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त निजी होटल व्यवसायी भी अपने होटल में क्रिसमस और नए साल के लिए प्रबंध जुटाने में लगे हैं।
क्रिसमस के दिन होटलों को बड़े आकर्षक ढंग से सजाया जाता है। कई होटलों में पर्यटकों के लिए विशेष पैकेज व डांस फ्लोर आदि की व्यवस्था भी की जा रही है। पर्यटकों को उपहार भेंट करने के लिए इंतजाम किए गए हैं, जिससे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ सके। होटल व्यवसायियों को एक जनवरी तक पर्यटकों की भारी रौनक रहने की उम्मीदें हैं।
उधर, पर्यटन निगम रेणुका के प्रबंधक धर्मानंद कौशल ने बताया कि पर्यटकों की ओर से ऑनलाइन बुकिंग करवाई जा रही हैं। पर्यटकों को 25 फीसदी छूट देने का भी प्रावधान किया गया है। क्रिसमस व न्यू ईयर पर पर्यटकों को विशेष छूट व विशेष व्यंजन परोसने का इंतजाम किया गया है।
------------------