-एक आरोपी एनडीपीएस एक्ट तो दूसरा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत गिरफ्तार
पुलिस व ड्रग विभाग की संयुक्त कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिरमौर के पांवटा साहिब में नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ पुलिस और ड्रग विभाग ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 576 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल व गोलियां बरामद किए हैं। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग अधिनियमों के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पहले मामले में पांवटा साहिब थाना पुलिस की टीम ने गश्त और यातायात जांच के दौरान एक कार से 176 नशीले कैप्सूल बरामद किए। पुलिस के अनुसार मुख्य आरक्षी राज शर्मा की टीम होटल के समीप वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बांगरण चौक की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर चालक चरनजीत सिंह (36), निवासी हरिपुर टोहाना को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर कार से 176 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। आरोपी इनके संबंध में कोई वैध लाइसेंस या चिकित्सकीय पर्ची प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 व 25 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में पुरुवाला थाना के तहत रामपुरघाट पुलिस चौकी और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने कुंजा मतरालियों में कार्रवाई करते हुए 400 नशीले कैप्सूल बरामद किए। संयुक्त टीम में ड्रग इंस्पेक्टर अमित और चौकी प्रभारी दयाल सिंह शामिल थे। कार्रवाई के दौरान अमन गुप्ता, निवासी माधवपुर, अयोध्या (उत्तर प्रदेश) के कब्जे से प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। दोनों के खिलाफ मामले दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच की जा रही है कि यह यह खेप कहां से लेकर आए थे।-