53years old man died due to corona in kalaambh sirmaur
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले के कालाअंब में एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक कोरोना संक्रमित पाया गया है। लिहाजा, स्वास्थ्य विभाग ने कोविड प्रोटोकॉल के तहत मृतक का अंतिम संस्कार किया। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बाद सिरमौर जिला में कोरोना संक्रमण से यह पहली मौत है।
जानकारी के अनुसार नागल सुकेती के 53 वर्षीय अधेड़ को बीमारी की हालत में कालाअंब के एक निजी अस्पताल में शनिवार देर रात्रि उपचार के लिए लाया गया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद मृतक को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज लाया गया। यहां पर मृतक का कोविड टेस्ट किया गया जिसमें उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। इस पर विभाग ने मृतक का कोविड प्रोटोकाल के तहत अंतिम संस्कार करवाया।
बताया जा रहा है कि मृतक तीन चार दिनों से फीवर से ग्रस्त था जिसने कालाअंब निजी अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक एसएल कौशिश ने अधेड़ की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक का कोविड टेस्ट किया गया जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मृतक का कोविड प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
---
भालोगांव में घर को किया माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित:
जिला दंडाधिकारी सिरमौर रामकुमार गौतम ने नाहन तहसील के गांव भालोगांव स्थित शिशुपाल के घर को कोरोना संक्रमित मामले आने पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। इसी प्रकार, गांव भालोगांव स्थित राम सिंह के घर को बफर जोन घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि खंड विकास अधिकारी नाहन की ओर से माइक्रो कंटेनमेंट जोन और बफर जोन में समय-समय पर सैनिटाइजेशन करवाई जाएगी।
---