पांवटा साहिब (सिरमौर)। धौलाकुआं से बाईला सड़क पर सोमवार को एक बाइक अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में शिमला के कोटगढ़ निवासी एक युवक की मौत हो गई है जबकि, एक युवक गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलते ही माजरा पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी।
सोमवार को पांवटा तहसील के ग्राम कांसर निवासी कमलेंद्र सिंह (27) पुत्र सुरेंद्र सिंह अपने गांव से बाइक पर सवार होकर धौलाकुआं की तरफ जा रहा था। बाइक पर उसके साथ शिमला के कोटगढ़ निवासी अरुण कुमार (25) भी था। इसी बीच अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और खंबानगर के समीप अचानक सामने से एक वाहन आ गया और बाइक असंतुलित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कमलेंद्र सिंह और अरुण कुमार (25) निवासी कोटगढ़ शिमला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से पांवटा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. केएल भगत ने कहा कि अरुण कुमार की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई थी। जबकि, हादसे में गंभीर रूप से घायल कमलेंद्र सिंह के कंधे में चोटें आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक अरुण कुमार पिछले कुछ वर्षों से धारटीधार के कांसर क्षेत्र में ही मिस्त्री का काम कर गुजर बसर कर रहा था। माजरा पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी प्रमोद चौहान ने बताया कि खंबानगर के समीप धौलाकुआं-बाइला मार्ग पर हुए हादसे में अरुण कुमार की मौत हो गई है। मंगलवार को मृतक का पोस्टमार्टम होगा। हादसे में एक युवक घायल हो गया है। माजरा पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।