कफोटा में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन और नारेबाजी
युकां ने केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ निकाली रैली
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मनीष ठाकुर का स्वागत
अमर उजाला ब्यूरो
सतौन (सिरमौर)।
शिलाई विधानसभा क्षेत्र के कफोटा में मंगलवार को युवा कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश भाजपा सरकार के खिलाफ हल्ला बोल दिया। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मनीष ठाकुर की अगुवाई में युवा कांग्रेसियों ने जोरदार रैली निकाली और नारेबाजी की। इससे माहौल गरमा गया।
इससे पहले यूथ कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मनीष ठाकुर का कफोटा पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार की नाकामियों को लेकर शहर में एक रोष रैली भी निकाली। मनीष ठाकुर ने कहा कि केंद्र की सरकार अपने वायदों पर खरी नहीं उतर सकी। डीजल-पेट्रोल व दालों के दाम आसमान छू रहे हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के सांसदों को चाहिए वह पिछले चार साल की सांसद निधि का ब्यौरा जनता के समक्ष रखें। शिमला सीट से सांसद खुद भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हैं। जबकि वह दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं। भाजपा वाले भी उनका इस्तीफा मांगने की बजाय उनका साथ दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर मोदी सरकार की नाकामियां बताने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर कफोटा ब्लॉक के अध्यक्ष मामराज ठाकुर, अतर कपूर, दिनेश सिंगटा, अजय चौहान, कंवर ठाकुर, गोविंद राणा, रविंद्र राणा, रमेश चौहान, पंकज कैलाश, प्रदीप, कमलेश, रवीना, मनीषा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------
---तन्हा