अमर उजाला ब्यूरो
नौहराधार (सिरमौर)। नौहराधार क्षेत्र के आधा दर्जन के करीब गांवों के गैस उपभोक्ताओं को बीते करीब दो माह से गैस किल्लत से जूझना पड़ रहा हैं। गैस की पर्याप्त आपूर्ति न होने के कारण यहां गैस वितरित नहीं की जा रही है।
आलम यह है कि क्षेत्र के उलाना, मटी, रथाचा, देवामानल आदि अन्य गांव के लोग गैस के इंतजार में सड़क पर आ खड़े होते हैं। गैस की गाड़ी जब आती है तो वह उनके क्षेत्रों में न रूक कर सीधे पुन्नरधार की ओर निकल जाती है। लोग इस इंतजार में कि शायद लौटते वक्त यहां गैस की आपूर्ति की जाए, सुबह से शाम तक सड़क पर ही डटे रहते हैं लेकिन जब गाड़ी उनके क्षेत्र में पहुंचती है तो वह खाली होती है। इससे लोगों में भारी रोष उत्पन्न हो गया है।
क्षेत्र के गैस उपभोक्ता यशपाल सिंह, जितेंद्र कुमार, प्रकाश चंद, नवीन कुमार, नरंजन सिंह, राजेंद्र सिंह ने संबंधित निगम से मांग की कि जब उनके क्षेत्र में गैस की गाड़ी आए तो उन्हें सुबह के समय ही सिलेंडर वितरित किए जाएं ताकि उन्हें गैस मिल जाए और उन्हें शाम तक सड़क पर खड़ा न रहना पड़े। उधर, गैस एजैंसी के इंचार्ज धर्म सिंह ने कहा कि अगले शुक्रवार को क्षेत्र में गैस की आपूर्ति कर दी जाएगी।