उद्योगमंत्री हर्षवर्धन चौहान ने लोजा स्कूल में 15 लाख से बने अतिरिक्त कमरों का किया लोकार्पण
शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क सुविधाओं के विस्तार पर जोर, 100 बिस्तरों के अस्पताल का निर्माण जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
शिलाई/रोनहाट/कफोटा (सिरमौर)। उद्योगमंत्री हर्षवर्धन चौहान ने ग्राम पंचायत लोजा मानल में राजकीय उच्च विद्यालय लोजा के 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। शिलाई विधानसभा क्षेत्र में करीब 500 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
जनसभा में उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम शुरू किया गया है और प्रदेश के 157 सरकारी विद्यालयों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया गया है। इनमें शिलाई, सतौन और कफोटा के विद्यालय भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि शिलाई अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित 10 डॉक्टर और 12 नर्सें सेवाएं दे रहीं हैं। मरीजों की सुविधा के लिए करीब 25 लाख रुपये की लागत से नई एक्सरे मशीन लगाई गई है। वहीं, 19 करोड़ रुपये की लागत से 100 बिस्तरों वाले पांच मंजिला नागरिक अस्पताल का निर्माण जारी है। करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से छह मंजिला मिनी सचिवालय भी बनाया जा रहा है, जिससे लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यालयों की सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि 19 करोड़ रुपये की लागत से द्राबिल-नाया पजोंड सड़क का सुदृढ़ीकरण और पक्का करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार देने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, प्रदेश में करीब 50 हजार पद भरे गए हैं और हाल ही में मंत्रिमंडल ने 15 हजार पदों को मंजूरी दी है।
इस अवसर पर मार्केटिंग कमेटी अध्यक्ष सीता राम शर्मा, शिलाई ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्याण धामटा, महाप्रबंधक उद्योग रचित शर्मा, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता पद्म प्रकाश, बीडीओ रवि प्रकाश जोशी, पंचायत प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य व्यक्ति मौजूद रहे।