अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले में 424 पुलिस और होमगार्ड जवान संभालेंगे मोर्चा
सुरक्षा के दृष्टि सेे क्षेत्र तीन सेक्टरों में बांटा, चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे जवान
रेणु मंच और स्नानघाट सहित सभी भीड़ वाली जगहों पर रहेगा पुलिस का पहरा
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले में शिरकत करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जिला पुलिस ने कमर कस ली है। सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था की दृष्टि से मेला क्षेत्र को तीन और यातायात के लिए दो सेक्टरों में बांटा गया है।
मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था 424 पुलिस और होमगार्ड जवानों के कंधों पर रहेगी। मेले के दौरान पुलिस को स्नानघाट, तीर्थ के मंदिरों, रेणु मंच सहित भीड़भाड़ वाली जगहों पर अधिक सचेत रहने के निर्देश जारी हुए हैं। यहां तक कि मेले से एक दिन पूर्व ही सभी पुलिस जवान अपना मोर्चा संभालेंगे।
जिला प्रशासन ने डीएसपी संगड़ाह मुकेश डड्वाल को मेला पुलिस अधिकारी और श्री रेणुकाजी थाने के एसएचओ रणजीत राणा को मेले का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। इसके अतिरिक्त मेले में विभिन्न पदों के 167 पुलिस कर्मी, 80 महिला पुलिस कर्मी, 100 होमगार्ड जवान और 77 महिला गृहरक्षक विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगी।
इसके अलावा मेला क्षेत्र में लोगों की सुविधा के लिए पुलिस सहायता कक्ष भी स्थापित कर दिया है, जो 24 घंटे क्रियाशील रहेगा। मेले में चोरी, छीनाझपटी और मारपीट की घटनाओं से निपटने के लिए 80 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
अप्रिय घटना से निपटने के लिए स्नानघाट पर चार गोताखोर और आग की घटना से निपटने के लिए अग्निशमन वाहन को भी मेले में तैनात किया जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर सोमदत्त ने बताया कि 424 जवानों को मेले में सुरक्षा, कानून व यातायात व्यवस्था संभालने का जिम्मा सौंपा गया है। मेले में राज्यपाल सहित वीआईपी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए डोर मेटल डिटेक्टिव भी स्थापित किए जा रहे हैं।
ड्रोन कैमरों से भी मेला क्षेत्र में चौकसी बरती जाएगी। मेले के दौरान डॉग स्क्वायड की सेवाएं भी बरकरार रहेंगी।