स्पीड पोस्ट के साथ गरीबों की पेंशन भी रुकी
ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नहीं मिल रही जरूरी चिट्ठियां
ग्रामीण डाक सेवकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल से मुसीबत
अमर उजाला ब्यूरो
शिलाई (सिरमौर)। ग्रामीण डाक सेवकों की हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही। इस दौरान पूरे शिलाई क्षेत्र में डाक का वितरण ठप रहा जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों की जरूरी डाक भी नहीं दी गई। इससे लोग व्याकुल से नजर आए।
सबसे अधिक परेशानी का सामना उन युवाओं को करना पड़ा जिन्होंने हाल ही में आर्मी का टेस्ट निकाला है। उनके कागजात आर्मी के हैडक्वार्टर गए हैं जिसकी सूचना उन्हें डाक के माध्यम से ही मिलनी है। ऐसे में उन युवाओं के चेहरे पर परेशानी दिखाई दी।
बता दें कि ग्रामीण डाक सेवक सात दिन से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। वह सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने की मांग कर रहे हैं। संघ के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि 15 सालों से डाक कर्मियों का वेतन नहीं बढ़ाया गया है। वह मात्र 5 से 7 हजार की पगार पर काम कर रहे हैं। यदि सरकार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया तो यह हड़ताल अनवरत जारी रहेगी।
उधर, स्थानीय भगवंत नेगी, यशपाल सिंह, कल्याण सिंह, धर्म सिंह, लायक राम, चतर सिंह, ग्यार सिंह ने बताया कि क्षेत्र के लोगों को कल्याण विभाग से मिलने वाली पेंशन, स्पीड पोस्ट, पंजीकृत डाक, सीओडी, वीपीपी तक नहीं मिल रही है। उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
डाक विभाग के सहायक अधीक्षक आरडी पाठक ने बताया कि डाक सेवकों के हड़ताल पर जाने से कार्य प्रभावित हुआ है।
---------
--------जगत-- तन्हा