अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। सड़क सुरक्षा क्लब ने शहरवासियों से अपने वाहनों को सही ढंग से पार्क करने की अपील की है। शहर की यातायात समस्या को लेकर क्लब और पुलिस प्रशासन की बैठक नाहन में आयोजित हुई। इसकी अध्यक्षता एएसपी वीरेंद्र ठाकुर ने की। जबकि, एसएचओ मानवेंद्र ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में शहर की यातायात समस्या को लेकर मंथन किया गया।
इस दौरान शहर की सड़कों पर वाहनों को बेतरतीब ढंग से खड़ा करने की भी बात सामने आई। इस पर क्लब के अध्यक्ष विशाल तोमर ने शहरवासियों से अपने वाहनों को नियमानुसार सड़क किनारे खड़े करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस और क्लब की ओर से पहले भी कई बार वाहन मालिकों से अपने वाहन के शीशे पर मोबाइल नंबर अंकित करने की अपील की गई है लेकिन, बहुत से वाहन मालिकों ने इस पर अमल नहीं किया है। उन्होंने कहा कि सभी वाहन मालिक अपने वाहन के शीशे पर अपना मोबाइल नंबर अवश्य अंकित करें। इससे पुलिस की ओर से किए जाने वाले चालान से भी बचा जा सकता है। बैठक में सड़क किनारे कुछ स्थानों पर वाहन पार्क करने की सुविधा देने पर भी चर्चा हुई। इस पर पुलिस अधिकारियों ने जल्द चिन्हित स्थानों पर येलो लाइन खींचने की बात कही। इस अवसर पर क्लब के प्रधान विशाल तोमर, असलम खान, धीरज गर्ग, संजय कुमार, अरुण भाटिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।