पांवटा साहिब (सिरमौर)। सिंघपुरा पुलिस चौकी के तहत पड़ने वाले खोदरी माजरी के जंगल में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है। मृतक की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। शव बुरी तरह से सड़ गल चुका है, जिससे शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव के समीप ही कीटनाशक दवाई की खाली शीशी भी बरामद हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पांवटा अस्पताल लाया गया है।
शनिवार को वन विभाग की भंगानी क्षेेत्र की टीम जंगल की झाड़ियों की सफाई में जुटी थी। इस दौरान जंगल में एक स्थल पर पहुंचते ही दुर्गंध आने लगी। समीप जाकर देखा तो वहां क्षत-विक्षत अवस्था में एक शव पड़ा था। वन विभाग ने इसकी सूचना सिंघपुरा पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पांवटा अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचा दिया है। पुलिस टीम ने शव के पास से कीटनाशक दवाई की एक खाली शीशी भी बरामद की है। पुलिस ने प्रदेश के साथ लगते उत्तराखंड और यूपी पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी है। उधर, कार्यकारी डीएसपी पांवटा प्रतिभा चौहान ने कहा कि खोदरी माजरी जंगल में जीर्ण शीर्ण अवस्था में शव मिला है। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।