टायर के नीचे आने से बाल-बाल बचा व्यक्ति
धौलाकुआं एनएच-7 पर हुआ हादसा
ट्रक को सामने आता देख दौड़ पड़ा शराबी
सही वक्त पर चालक ने मारी ब्रेक, बची जान
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। कहावत है कि जाको राखे साइयां मार सके न कोए। ऐसी ही किस्मत का धनी धौलाकुआं में एक शराबी भी निकला। सामने से ट्रक आता देखने के बावजूद शराबी अचानक सड़क को पार करने के लिए लड़खड़ाते हुए दौड़ा और ट्रक से टकराकर सड़क पर गिर गया। लेकिन, उसे हल्की चोटें भी नहीं आईं। शराबी की दोनों टांगें एकदम अगले टायर के बीचों बीच थीं। हल्की सी ब्रेक में देरी का मतलब मौत तय थी लेकिन, शराबी को खरोंच तक नहीं आई।
वाहन चालक और प्रत्यक्षदर्शियों की सांसें थमी की थमी रह गईं। मौत को मात देकर अचानक शराबी उठ खड़ा हुआ और कपड़े झाड़कर वहां से भाग खड़ा हुआ। उसे देखने वालों की आंखें खुली की खुली रह गईं। सोशल मीडिया पर मौत को मात का देने वाला यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है। वीरवार को देहरादून-पांवटा से धौलाकुआं एनएच-7 पर यह हादसा हुआ। वीडियो में एक शराबी सड़क किनारे टहलता नजर आ रहा है। इस बीच सामने से एक ट्रक आया और वह दूसरी तरफ भाग गया। परिचालक की साइड से टकराने के बाद वह सड़क पर गिर गया। चालक जोर की ब्रेक मारता है। किस्मत का धनी शराबी बच निकला। ब्रेक के बाद टायर ठीक शराबी की दोनों टांगों के बीच टच करते हुए रुक गया। सब लोगों को जब मौत तय लग रही थी तो अचानक शराबी तीव्र गति से उठ कर भाग खड़ा हो गया। उधर, माजरा थाना प्रभारी सेवा सिंह ने कहा कि मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा। इसकी सूचना जरूर मिली थी।