मारकंडा नदी पर बन रहे पुल का काम लटका
डेढ़ माह से बंद पड़ा है निर्माण कार्य
विस अध्यक्ष के आदेशों को दिखाया ठेंगा
सचित्र- 1 से 5
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)।
नाहन में डिमकी मंदिर के निकट मारकंडा नदी पर बन रहे पुल के कार्य की रफ्तार पर ब्रेक लग गई हैै। इसका कार्य डेढ़ माह से रुका है, इससे इस पुल से लाभान्वित होने वाले चार गांवों के ग्रामीणों में रोष है। डिमकी मंदिर के निकट मारकंडा और कन्यौण नदी पर पुलों का निर्माण किया जा रहा है। इन पुलों के बनने से क्षेत्र के चार गांवों के लोग लाभान्वित होने हैं। मारकंडा नदी पर 3 करोड़ 15 लाख 27 हजार रुपये से 50 मीटर लंबा पुल बनना है। जबकि, उससे चंद मीटर आगे कन्यौण नदी पर दो करोड़ 70 लाख 63 हजार 447 रुपये से पुल बनाया जाएगा। इन पुलों के बनने से क्षेत्र के भूड़, कून, मालोवाला और नेरला गांव के लोगों को लाभ होगा। दशकों से पुल की आस लगाए बैठे ग्रामीणों का इंतजार खत्म होता नहीं दिख रहा है। इन दोनों पुलों का निर्माण कार्य एक साथ शुरू हुआ था। इनमें से कन्यौण नदी पर बन रहे पुल पर स्लैब डालने का कार्य इन दिनों प्रगति पर है लेकिन मारकंडा नदी पर बन रहे पुल का कार्य डेढ़ माह से रुका है। हैरत की बात यह है कि कुछ समय पूर्व विस अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इन पुलों का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को इनका कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए थे लेकिन काम जल्द पूरा होना तो दूर अच्छा भला चल रहा कार्य भी रुक गया। लोनिवि के अधिकारियों और ठेकेदार ने विधानसभा अध्यक्ष के निर्देशों को ठेंगा दिखा दिया। बताया जा रहा है कि इस पुल के निर्माण कार्य में लगी लेबर को पालियों क्षेत्र में रूण नदी पर बन रहे पुल के कार्य करने के लिए भेज दिया गया।
क्या कहते हैं लोनिवि के एसडीओ
एसडीओ दलबीर राणा ने कहा कि मारकंडा नदी के पुल पर लगी लेबर इन दिनों रूण नदी पर बन रहे पुल के निर्माण कार्य में लगी है। जैसे ही वहां स्लैब डालने का कार्य पूरा होता है, मारकंडा नदी के पुल का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। पुल का कार्य समय पर पूरा किया जाएगा।
क्या कहते हैं ग्रामीण
क्षेत्र के रमेश भंडारी जिन्होंने अपने बेटे को नदी के तेज बहाव में खो दिया था, ने कहा कि ग्रामीण दशकों से पुल का इंतजार कर रहे हैं। भूड़ गांव के महीपाल सिंह ने कहा कि विस अध्यक्ष डॉ. बिंदल के निर्देशों की भी परवाह नहीं की जा रही। विभाग को चाहिए कि वह अविलंब इस पुल का कार्य शुरू करवाए। ओम प्रकाश ने कहा कि ग्रामीणों में रोष है। इन पुलों का कार्य बिना रुके सही समय पर पूरा किया जाए अन्यथा ग्रामीण दूसरा कदम उठाने को भी तैयार हैं।