अमर उजाला ब्यूरो
राजपुर (सिरमौर)।
शूगर मिल डोईवाला का गन्ना पेराई सत्र में शुरू न होने की वजह से पांवटा क्षेत्र में निजी चरखी संचालकों ने किसानों से गन्ना खरीदना शुरू कर दिया है।
देरी के चलते चरखी ठेकेदार इन दिनों किसानों से 270-280 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से कम दामों में गन्ना खरीद रहे हैं। जबकि पिछले वर्ष गन्ने के दाम लगभग 300-350 रुपये प्रति क्विंटल थे। ऐसे में ठेकेदार गुड़ व शक्कर तैयार कर खूब चांदी कूट रहे हैं।
जानकारी के अनुसार पांवटा क्षेत्र में 10 नवंबर से गेहूं की बिजाई शुरू हो जाती है। इसके लिए किसान दिनभर गन्ने की कटाई में जुट गए हैं। हालांकि, शूगर मिल डोईवाला का पेराई सत्र चालू नहीं हुआ है। इसके चलते किसानों को क्षेत्र में स्थापित चरखी ठेकेदारों को कम दाम पर गन्ना बेचना पड़ रहा है जो किसानों के लिए घाटे का सौदा बना हुआ है।
किसान सुरेंद्र सिंह, मंजीत सिंह, सुरजीत सिंह, भूराराम, रणजीत सिंह व गन्ना सोसायटी के सचिव दलीप सिंह ने बताया कि पांवटा में मिल के तोल कांटे सहित सभी प्रक्रियाएं जल्द पूरी हो जाएंगी। 27 नवंबर तक डोईवाला शूगर मिल से गन्ने की मांग मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके बाद पांवटा क्षेत्र से अच्छे दामों पर गन्ना खरीदना शुरू कर दिया जाएगा। हालांकि अभी तक उत्तर प्रदेश सरकार ने अभी तक गन्ने के नए दामों की अधिसूचना जारी नहीं की है। तब तक पुराने दामों पर गन्ने की खरीद शुरू हो सकती है।