बेहतर विपणन सुविधा के लिए मिलकर करेंगे प्रयास : तरसेम सिंह
पांवटा साहिब(सिरमौर)। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ुनी) ने धान और गन्ना खरीद की और बेहतर सुविधा के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया है। इस बार देरी से खरीद शुरू होने पर 30 फीसदी धान की फसल बाहरी राज्यों में बिक्री हुई। पांवटा सब्जी मंडी परिसर में निर्माणाधीन शेड कार्य शीघ्र पूरा करवाने की मांग उठाई जाएगी। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) प्रदेश अध्यक्ष तरसेम सिंह सग्गी ने पत्रकार वार्ता में ये बात कही।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूरे प्रदेश में कुल धान खरीद का करीब पचास फीसदी फसल सिरमौर से खरीद हुई है, जिससे स्थानीय किसानों को धान फसल ब्रिक्री की बेहतर सुविधा मिल सकी है। जो कुछ दिक्कतें शुरू में हुई उसके बारे में विचार-विमर्श किया जा रहा है।
अगले वर्ष शुरू में ही धान फसल खरीद को और बेहतर सुविधा मुहैया करवाने के लिए प्रदेश सरकार, खरीद एजेंसियों, उत्पादक किसानों व प्रशासन को मिल कर आपसी समन्वय बनाया जाएगा।
प्रदेेशाध्यक्ष ने कहा कि पांवटा में करोड़ों की लागत से स्टोर तैयार हो रहा है। धान खरीद होने पर इसके निर्माण कार्य को पूरा करवाने की मांग विभाग व सरकार से रखी जाएगी।
इस बार गन्ना फसल खरीद को क्षेत्र के मध्य में हरिपुर टोहाना में केंद्र स्थापित किया गया है। इससे सैकड़ों उत्पादकों को बेहतर विपणन सुविधा मिल रही है। गन्ना खरीद शुरू होने से पहले भाकियू समेत किसानों का प्रतिनिधिमंडल महाप्रबंधन उत्तराखंड शुगर मिल से मिल चुका है, जिसमें अधिक से अधिक गन्ना फसल खरीद का आश्वासन मिला है। गन्ना फसल खरीद दाम बढ़ाने का भी आग्रह किया गया है।
इस अवसर पर किसान नेता गुरविंद्र सिंह गोपी, हरबंस सिंह, सरवन सिंह और बलदेव सिंह समेत किसान मौजूद रहे।
संवाद