कालाअंब (सिरमौर)। थाना क्षेत्र कालाअंब के तहत सैनवाला में एक भैंस की करंट से मौत हो गई। शिकायत मिलने पर कालाअंब पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रविवार को फरजंद अली पुत्र मोहम्मद अली, निवासी सैनवाला की पत्नी सबीना भैंसों को चराने जंगल गई थीं। शाम लगभग चार बजे कटाघाट मंदिर के निचली तरफ एक बिजली का टूटा तार जमीन पर पड़ा था। इससे एक भैंस को करंट लगा। भैंस को अचानक जमीन पर गिरते देखकर सबीना डर गई। भैंस को उसने जैसे ही छुआ तो उसे भी करंट का झटका लगा। उसने खुद को उसकी चपेट में आने से जैसे-तैसे बचा लिया, लेकिन भैंस की जान चली गई।
इस सारे मामले की सूचना तत्काल कालाअंब पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर पशु पालन विभाग के चिकित्सकों से भैंस का पोस्टमार्टम करवाया है। थाना प्रभारी कालाअंब जितेंद्र कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।