000 इलेक्शन लाइव 000
........
कोई नहीं, मैं खुद लेकर जाऊंगी : बीएलओ
नाहन के ब्वायज स्कूल मतदान केंद्र में बुजुर्ग महिला के मतदान के लिए जद्दोजहद
कैंट एरिया बूथ में हर पल की स्थिति लेते दिखे राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
...मैडम यह राजनीतिक दल से हैं। यह अम्मा के साथ भीतर नहीं जा सकते। उनके परिवार के व्यक्ति को ही भीतर जाने दिया जाए। काफी देर तक बुजुर्ग महिला के मतदान को लेकर दोनों दलों के वर्करों में जोर आजमाइश होती रही। एकाएक बीएलओ आईं और कहा इनके साथ कोई नहीं जाएगा। मैं खुद लेकर जाऊंगी। यह वाकया नाहन के ब्वायज स्कूल मतदान केंद्र का है। हालांकि शहर में मतदान केंद्रों गर्ल्स स्कूल, कमेटी आफिस, डाइट और एसएफडीए हाल में बाहर बूथ लगाकर बैठे राजनीति दलों के वर्करों में एक-एक वोट के लिए जद्दोजहद देखने को मिली।
नाहन शहर के मतदान केंद्रों के बाहर पहले के चुनावों जैसी रौनक नहीं दिखी। 200 मीटर के दायरे के बाहर राजनीतिक दलों के बूथ तो लग गए लेकिन, लड़ियां, झंडियां आदि नहीं लगाई जा सकी। मतदान के लिए कोई मतदाता पैदल तो कोई गाड़ी से मतदान केंद्र तक पहुंचा। कई बुजुर्गों को लाठी हाथ में लिए मतदान केंद्र तक जाते हुए देखा गया। मतदान केंद्र के समीप बुजुर्गों, दिव्यांगों के लिए बेहतर व्यवस्था की गई थी। मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए पुख्ता प्रबंध नहीं थे। बस स्टैंड के समीप कैंट स्कूल में मतदाताओं की सबसे अधिक भीड़ देखी गई। समय: 12:30 बजे। बूथ कैंट एरिया। मतदान केंद्र के बाहर सजे राजनीतिक दल के बूथ पर कार्यकर्ता ने दूसरे से पूछा, भाई क्या चल रहा है ? क्या स्थिति है हमारी ? उत्तर मिला एक दम ठीक। लेकिन, निचले वाले बूथ पर स्थिति कुछ ठीक नहीं है। वहां पर फोकस करना होगा।
...
बाजार में सन्नाटा, मतदान केंद्रों में रौनक
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर के मतदान केंद्रों में सुबह से ही रौनक छाई रही। लेकिन, बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। अक्सर सुबह आठ-नौ बजे खुलने वाली दुकानों के शटर 10-11 बजे तक बंद देखे गए। बड़ा चौक, छोटा चौक, नया बाजार आदि बाजारों में चंद दुकानें ही खुली पाई गईं।
000