मांगें न मानीं तो सड़क पर उतरेगी किसान सभा
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजा
कब्जाधारियों को नोटिस भेजने पर रोष
अमर उजाला ब्यूरो
पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल किसान सभा पांवटा इकाई की बैठक मंगलवार को आयोजित की गई। इसमें पांवटा तहसील क्षेत्र में शिक्षा, बिजली, स्वास्थ्य, आईपीएच, लोनिवि, परिवहन, कृषि-बागवानी, राजस्व समेत विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की सरकार से मांग रखी गई है। इसके लिए एसडीएम पांवटा के माध्यम से सीएम जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजा गया है।
हिमाचल किसान सभा पांवटा तहसील इकाई के प्रधान ओम प्रकाश चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला इकाई सचिव गुरविंद्र सिंह, पांवटा इकाई के उपप्रधान जोगा सिंह और सचिव जगदीश चंद समेत किसान सभा के पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रधान ओम प्रकाश चौधरी ने कहा कि विभिन्न विभागों के रिक्त पदों के चलते विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा स्वास्थ्य, शिक्षा, आईपीएच, बिजली बोर्ड और राजस्व विभाग शामिल हैं। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। हिमाचल किसान सभा पांवटा का कहना है कि पांवटा तहसील क्षेत्र में सैकड़ों परिवार ऐसे हैं, जो भूमिहीन होने पर दशकों पहले से सरकारी भूमि पर कब्जा किए हैं। पुश्तैनी रहने वाले ऐसे परिवारों को वन विभाग से बेदखली नोटिस मिल रहे हैं, जिससे इन परिवारों को बेघर होने का भय हमेशा सताता रहा है। ऐसे लोगों को मालिकाना हक प्रदान करने के लिए प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। किसान सभा ने ओलावृष्टि से पांवटा के प्रभावित सैकड़ों किसान परिवारों को मुआवजा प्रदान करने की मांग की गई है। किसान सभा ने चेताया है कि प्रदेश सरकार ने मांगों को पूरा नहीं किया तो मजबूरन विरोध स्वरूप सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। एसडीएम पांवटा एलआर वर्मा ने कहा कि प्रदेश के सीएम तक किसान सभा का ज्ञापन पहुंचा दिया जायगा।