बस का इंतजार कर रहे व्यक्ति की अचानक मौत
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। शहर के ऐतिहासिक दिल्ली गेट के समीप बस के इंतजार में खड़े एक व्यक्ति की चक्कर आने के बाद अचानक मौत हो गई। हालांकि, मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मृतक की पहचान शिलाई उपमंडल के गुमान सिंह (47) निवासी बांबल डाकघर कोटी उतरऊ के रूप में हुई है। मेडिकल कॉलेज नाहन में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के मुताबिक सुबह करीब सवा छह बजे गुमान सिंह शिलाई जाने के लिए बस के इंतजार में खड़ा था। इस दौरान वह चकराकर अचानक सड़क पर गिर गया। इस दौरान बस के इंतजार में खड़े अन्य लोगों ने तुरंत इसकी सूचना 108 एंबुलेंस को दी। घटना के आधे घंटे बाद जब एंबुलेंस मौके पर पहुंची, तब व्यक्ति को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की पुष्टि एसपी सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने की है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।