पांवटा साहिब (सिरमौर)। लोक निर्माण विभाग पांवटा का एक कर्मी मंगलवार को हादसे का शिकार हो गया। करीब चार फीट गहरे सीवरेज चैंबर में गिरने से कर्मी की दोनों टांगें फ्रेक्चर हो गई हैं। सिविल अस्पताल पांवटा में घायल कर्मी को प्राथमिक उपचार देने के बाद डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार कामगार पैदल जा रहा था। इस दौरान सीवरेज चैंबर के टैंक में गिर गया। हादसे में स्लैब मजदूर के ऊपर गिरने से दोनों टांगें फ्रेक्चर हो गई। पांवटा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड-11 चुंगी नंबर 6 में सड़क का निर्माण कार्य शुरू किया हुआ है। मंगलवार दोपहर को लोक निर्माण का एक कामगार इलम सिंह पुत्र देवी सिंह निवासी कांशीपुर पैदल जा रहा था। अचानक कामगार का पांव सीवरेज के टैंक के ऊपर पड़ गया। हादसे के बाद सीवरेज चैंबर का स्लैब भी कामगार के ऊपर टैंक में गिर गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने कर्मी को बाहर निकाला और सिविल अस्पताल पांवटा उपचार को पहुंचाया गया। वरिष्ठ चिकित्सक पांवटा अस्पताल डॉ. कमाल पाशा ने कहा कि कामगार की दोनों ही टांगें फ्रेक्चर हो गई हैं। सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आगामी उपचार को नाहन भेज दिया है। उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सुनील चौहान ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि विभाग का एक कामगार पैदल चलते समय सीवरेज टैंक में गिर गया। कामगार को नाहन उपचार के लिए भेज दिया गया है।