नाहन / कालाअंब (सिरमौर)। सिरमौर के मंदिर बुधवार से माता के जयकारों से गूजेंगे। नवरात्र को लेकर मंदिरों में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ महामाया बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में हर तरह से व्यवस्था को चाक चौबंद किया गया है। साथ ही सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं। हरियाणा की सीमा से सटे महामाया बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड व उत्तरप्रदेश से लाखों श्रद्धालु शीश नवाने पहुंचते हैं। इसको लेकर पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और जवानों को ड्यूटी सौंपी। त्रिलोकपुर में 10 से 24 अक्तूबर तक चलने वाले नवरात्र मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला स्थल को चार सेक्टरों में विभाजित किया है। चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा रहेगा। प्रदेश के मुख्य प्रवेश द्वार कालाअंब से लेकर त्रिलोकपुर तक करीब 5 किलोमीटर के दायरे में सभी जवान ड्यूटी पर तैनात कर दिए हैं। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के लिए मेला स्थल को सीसीटीवी कैमरे से लैस किया गया है। यही नहीं डॉग स्क्वायड के साथ-साथ बम निरोधक दस्ता भी मेले में तैनात किया गया है। मेले के लिए 310 जवानों की तैनाती की गई है। उधर, डीएसपी हेडक्वार्टर बबीता राणा ने बताया कि मेले को लेकर जवानों को ड्यूटी सौंप दी है। उन्होंने बताया कि इस बार मेले में 310 के करीब पुलिस, होमगार्ड व बटालियन के जवानों को तैनात किया गया है। हर सेक्टर में एक पुलिस अधिकारी तैनात रहेगा। 60 के करीब सीसीटीवी कैमरे भी मेला स्थल में स्थापित किए गए हैं।
उधर, मंदिर के सहायक प्रबंधक गोपाल शर्मा ने बताया कि सुबह 4 बजे विधिवत पूजा अर्चना के बाद मंदिर के कपाट महामाया के दर्शनों के लिए खोल दिए जाएंगे। ध्यानू भक्त मंदिर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड बनाए गए हैं। श्रद्धालु कतारों में माता के दर्शन कर सकेंगे। श्रद्धालुओं के लिए भंडारों का भी प्रबंध किया गया है।
वहीं कालीस्थान मंदिर नाहन, महामाया बालासुंदरी मंदिर जमटा के साथ-साथ हरिपुरधार स्थित मां भंगायणी मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत यहां पर भी पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा महामाया बालासुंदरी मंदिर बनोग, कटासन माता मंदिर कोलर व अन्य मंदिरों में भी नवरात्र को लेकर सारी व्यवस्थाएं चाक चौबंद हैं।