अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। रेणुका कांग्रेस ने रेणुका विकास बोर्ड की कार्यकारिणी में विधायक का नाम शामिल न किए जाने पर गहरा रोष प्रकट किया है। प्रेस को दिए बयान में अध्यक्ष तपेंद्र चौहान, महासचिव मित्र सिंह तोमर, जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पुंडीर, पीसीसी सदस्य यशपाल चौहान, बीडीसी उपाध्यक्ष दलीप सिंह चौहान ने कहा कि यह रेणुका भाजपा के छुटभैया नेताओं की ओछी मानसिकता है। विधायक विनय कुमार जनता के चुने हुए जनप्रतिनिधि हैं। यह परंपरा रही है कि प्रदेश में सरकार जिसकी भी बने लेकिन जनप्रतिनिधि के तौर पर विधायक बोर्ड का सम्मानित सदस्य होता है।
उन्होंने कहा कि विनय कुमार ने रेणुका विकास बोर्ड के लिए शानदार कार्य किए। भाजपा के छुटभैया नेता ओच्छी राजनीति पर उतर आए हैं जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मसले को मुख्यमंत्री के समक्ष ले जाया जाएगा। यदि जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार ने संज्ञान नहीं लिया तो कांग्रेस जनसमर्थन के साथ मुख्यमंत्री तक का घेराव करने से नहीं चूकेगी।
----------