राजगढ़ (सिरमौर)। सिरमौर जिले में स्वाइन फ्लू की दस्तक से लोगों में दहशत का माहौल है। पांवटा, नाहन में दो मामले सामने आने के बाद विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल भी स्वाइन फ्लू की चपेट में आ गए थे। अब राजगढ़ उपमंडल की शाया शनौरा पंचायत के धामला गांव में भी एक व्यक्ति को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। ग्रामीण ने सोलन में अपना उपचार करवाया। वहां पर हुए टेस्ट की रिपोर्ट पॉजीटिव आने पर स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है।
स्वास्थ्य विभाग की एक टीम ने शुक्रवार को गाव का दौरा किया। धामला निवासी सोलन अस्पताल में दाखिल थे। वीरवार को स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। मुख्य चिकित्साधिकारी सिरमौर डॉ. केके पराशर, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद सांगल और बीएमओ पच्छाद डॉ. संदीप शर्मा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फागू के डॉ. आदिगुप्ता के नेतृत्व में टीम का गठन कर धामला जाने के निर्देश दिए। इस टीम में हेल्थ एजूकेटर इंदिरा पुंडीर, हेल्थ सुपरवाइजर रविदत्त भारद्वाज, वरिष्ठ स्वास्थ्य कार्यकर्ता जगदीश हाब्बी, कुसुम हाब्बी, निर्मल ठाकुर, क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता नीलम, रेखा, आशा और पार्वती ने घर का दौरा किया। जब स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घर जाकर अन्य सभी सदस्यों, मेहमानों और पड़ोसियों का हालचाल जाना। रोगी के संपर्क में रह रहे लोगों को दवाइयां दीं। एक छोटी बच्ची में स्वाइन फ्लू के लक्षण होने पर जिला अस्पताल सोलन रेफर किया। इसके बाद स्वास्थ्य शिक्षिका इंदिरा पुंडीर और स्वास्थ्य पर्यवेक्षक रविदत्त भारद्वाज ने लोगों को स्वाइन फ्लू से संबंधित जानकारी दी।